उत्तराखंड के प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने सख्त रुख अपनाया है। समिति ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
BKTC के उपाध्यक्ष विजय कपरुवान ने बताया कि इस मामले की जानकारी सबसे पहले 2 जुलाई को सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही मंदिर समिति ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी और चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने भी अलग से एक हाई लेवल जांच टीम गठित की है। इस टीम में एक कमिश्नर समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। मंदिर समिति और सरकारी टीम दोनों मिलकर पूरे मामले की गहन जांच कर रही हैं।
जांच के दौरान एक वैदिक सहायक का नाम मुख्य संदिग्ध के रूप में सामने आया। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं ताकि चोरी से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।
BKTC ने कहा है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समिति का कहना है कि श्रद्धालुओं के विश्वास से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
खबरें और भी हैं...