अपना राज्य चुनें
इंदौर में पोस्टल असिस्टेंट की हत्या: 15 दिन पहले बना नॉमिनी, पत्नी की हत्या के बाद फरार हुआ पति
ताजा खबरें 6 1 day ago

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में डाक विभाग में कार्यरत एक महिला कर्मचारी की हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। एमजी रोड डाकघर में पोस्टल असिस्टेंट के पद पर कार्यरत उर्मिला सैनी की उनके पति अखिलेश सैनी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और घटना के दो दिन बाद भी पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी ने हत्या से करीब 15 दिन पहले ही पत्नी की कई संपत्तियों और वित्तीय दस्तावेजों में खुद को नॉमिनी बनवा लिया था। इसके बाद अब पुलिस आर्थिक लाभ और संपत्ति विवाद के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

जांच में यह भी पता चला है कि वारदात के बाद अखिलेश सैनी अपनी बेटी के स्कूल पहुंचा, जहां उसने उसे अपना एटीएम कार्ड, उसका पिन और कुछ नकदी दी। उस समय बेटी को घर में हुई घटना की जानकारी नहीं थी।

स्कूल से घर लौटने पर बेटी ने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में देखा और तुरंत परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मनोरमगंज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और परिजनों के बयान के आधार पर हत्या की असली वजह का पता लगाने का प्रयास जारी है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...