अपना राज्य चुनें
PM Modi ने सेशेल्स में महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि, भारतीय समुदाय से मिले; बोले- दोनों देशों की दोस्ती और
विदेश 3 11 hours ago

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी सेशेल्स यात्रा के दौरान महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और वहां रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सेशेल्स के पीस पार्क में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उपस्थित बच्चों से भी बातचीत की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्श आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि बापू के विचार शांति, न्याय और मानवीय गरिमा के मूल्यों को मजबूत करते हैं तथा बेहतर दुनिया के निर्माण के लिए लोगों को प्रेरित करते हैं।

सेशेल्स में भारतीय समुदाय से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि वहां रह रहे भारतीय मूल के लोग सेशेल्स के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के साथ उनका जुड़ाव आज भी उतना ही मजबूत है।

पीस पार्क के दौरे से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने अरुलमिगु नवशक्ति विनयगर मंदिर में पूजा-अर्चना की। यात्रा के दौरान उन्होंने स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति का भी आनंद लिया।

तीन दिवसीय यात्रा के समापन पर प्रधानमंत्री मोदी भारत लौट आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर यात्रा की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि यह दौरा बेहद सार्थक रहा और इससे भारत-सेशेल्स संबंधों को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के बीच पिछले 50 वर्षों की मित्रता आने वाले वर्षों में नवाचार, सतत विकास और साझा समृद्धि के नए आयाम स्थापित करेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि भारत, सेशेल्स की विकास यात्रा में एक भरोसेमंद मित्र और साझेदार बना रहेगा तथा दोनों देशों की साझेदारी साझा मूल्यों और मजबूत जनसंपर्क के आधार पर लगातार आगे बढ़ेगी।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...