इंदौर नगर निगम ने शहर के तालाबों और जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तलावली चांदा क्षेत्र में अवैध निर्माणों को हटाया। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर और अपर आयुक्त प्रखर सिंह के निर्देशन में जोन क्रमांक 22, वार्ड क्रमांक 35 स्थित तालाब की भूमि पर रिमूवल अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान तालाब क्षेत्र में अवैध रूप से बनाई गई 14 पक्की दुकानों को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा करीब 100 मीटर लंबी और 4 मीटर चौड़ी अवैध पक्की दीवार को भी हटाया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य तालाबों और जल स्रोतों को अतिक्रमण से मुक्त कर उनका संरक्षण सुनिश्चित करना है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर के तालाबों, जल स्रोतों और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे सभी अतिक्रमणों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस अभियान के दौरान भवन अधिकारी वैभव देवलासे, भवन निरीक्षक सचिन गैहलोत तथा नगर निगम की रिमूवल टीम मौके पर मौजूद रही और कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
खबरें और भी हैं...