इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित 16वीं ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए छह देशों के कृषि मंत्री गुरुवार को शहर पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विदेश से आए प्रतिनिधियों और मंत्रियों से मुलाकात की तथा उनके सम्मान में होटल मेरियट में रात्रिभोज का आयोजन किया गया।
शुक्रवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों के साथ खाद्य सुरक्षा, कृषि सहयोग और जलवायु-अनुकूल खेती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करेंगे। पिछले तीन दिनों से चल रही ब्रिक्स कृषि कार्य समूह (AWG) की बैठक में खाद्य सुरक्षा, सतत कृषि, नवाचार, जलवायु परिवर्तन के अनुकूलन और मजबूत खाद्य प्रणालियों के विकास पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
मंत्री स्तरीय बैठक में कृषि सहयोग को बढ़ावा देने, वैल्यू चेन को मजबूत करने, नए बाजार अवसरों की खोज, तकनीकी नवाचार, ज्ञान के आदान-प्रदान, पुनर्योजी खेती (Regenerative Farming), मिट्टी के स्वास्थ्य और सतत संसाधन प्रबंधन जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा छोटे किसानों, महिलाओं और युवाओं की भूमिका पर भी विशेष फोकस रहेगा।
बैठक में ईरान, रूस, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), दक्षिण अफ्रीका, नाइजीरिया और उजबेकिस्तान के कृषि मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो रहे हैं। बैठक के बाद ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधि शुक्रवार दोपहर मांडू का भी दौरा करेंगे।
इस दौरान विदेशी प्रतिनिधियों ने इंदौर के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे राजवाड़ा और कृष्णपुरा छत्रियों का भ्रमण किया तथा स्थानीय हस्तशिल्प और वस्त्रों में भी रुचि दिखाई।
खबरें और भी हैं...