अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल योगमय माहौल में रंगी नजर आई। बड़ा तालाब स्थित बोट क्लब से लेकर टीटी नगर स्टेडियम तक आयोजित विभिन्न योग कार्यक्रमों में हजारों युवाओं, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य योग कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और मध्य प्रदेश सरकार के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने योगाभ्यास किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने नागरिकों को नियमित रूप से योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अनेक देशों में योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद विश्वास सारंग बड़ा तालाब स्थित बोट क्लब में आयोजित सामूहिक योग अभ्यास में भी शामिल हुए। प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने योगाभ्यास कर फिट और स्वस्थ रहने का संकल्प लिया।
मंत्री सारंग ने बताया कि इस वर्ष 192 देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो भारतीय संस्कृति और योग परंपरा की वैश्विक स्वीकृति को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और मजबूत व्यक्तित्व के निर्माण का प्रभावी माध्यम है। भोपाल के युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह साबित करती है कि नई पीढ़ी स्वास्थ्य, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक और प्रतिबद्ध है।
योग दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने पूरे भोपाल में स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश फैलाया तथा “स्वस्थ भारत” के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की।
खबरें और भी हैं...