ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर की मधु शर्मा ने साबित कर दिया कि अगर हौसला मजबूत हो तो उम्र, जिम्मेदारियां और असफलताएं भी सपनों की राह नहीं रोक सकतीं। शादी के 13 साल बाद और तीन बार असफल होने के बावजूद मधु ने अपने खाकी वर्दी पहनने के सपने को पूरा कर लिया। 36 वर्ष की उम्र में उन्होंने मध्य प्रदेश Police Sub-Inspector भर्ती परीक्षा 2026 में महिला वर्ग में 25वीं रैंक हासिल की है।
मधु ने प्रारंभिक, लिखित, शारीरिक और मेडिकल परीक्षा सफलतापूर्वक पास की है। अब वह जल्द ही SI की ट्रेनिंग के लिए जाएंगी।
तीन बार असफल हुईं, लेकिन हार नहीं मानी
मधु ने वर्ष 2016, 2017 और 2018 में मध्य प्रदेश Police Sub-Inspector भर्ती परीक्षा दी थी। उन्होंने तीनों बार प्रारंभिक और लिखित परीक्षा पास की, लेकिन Physical Test में सफलता नहीं मिल सकी।
इसके बाद उन्होंने परिवार और नौकरी की जिम्मेदारियों के बीच अपने सपने को कुछ समय के लिए पीछे जरूर रखा, लेकिन उसे छोड़ा नहीं।
दो बच्चों की मां, फिर शुरू की तैयारी
मधु और उनके पति अभय शर्मा की शादी 2013 में हुई थी। दोनों दिल्ली चले गए थे। मधु ने Wipro में Quality Manager के तौर पर काम किया। इस दौरान उनके दो बच्चों का जन्म हुआ। दोनों बच्चों की डिलीवरी Cesarean ऑपरेशन से हुई।
दो बच्चों की जिम्मेदारी और नौकरी के बावजूद मधु ने दोबारा SI बनने की तैयारी शुरू की।
Physical Test के लिए घटाया 10 किलो वजन
2026 की परीक्षा में प्रारंभिक और लिखित परीक्षा पास करने के बाद मधु ने Physical Test की तैयारी के लिए ग्वालियर की उपलब्धि Physical Academy जॉइन की। उन्होंने कड़ी मेहनत कर करीब 10 किलो वजन कम किया और इस बार Physical Test भी सफलतापूर्वक पास कर लिया।
पति ने भी दिया पूरा साथ
मधु की सफलता में उनके पति अभय शर्मा का सहयोग भी अहम रहा। अभय के मुताबिक, मधु सुबह करीब 4 बजे उठकर Running की तैयारी करती थीं। इसके बाद घर और बच्चों की जिम्मेदारियां संभालते हुए नौकरी पर जाती थीं।
शाम को अभय बच्चों को संभालते थे, ताकि मधु को परीक्षा की तैयारी के लिए समय मिल सके। कई बार उन्होंने घर के काम और रसोई की जिम्मेदारी भी संभाली।
मधु की कहानी उन लाखों महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो परिवार और जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रही हैं। तीन असफलताओं के बाद 36 साल की उम्र में SI बनने की उनकी सफलता बताती है कि सपनों को पूरा करने की कोई उम्र नहीं होती।
खबरें और भी हैं...