अपना राज्य चुनें
दीपावली पर सीएम मोहन यादव ने पुलिसकर्मियों और कुष्ठ रोगियों के साथ मनाया त्योहार, ढेडिया में विकास कार्यों की सौगात
राजनीति 1 13 minutes ago

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली के अवसर पर उज्जैन में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने नागझिरी थाने पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दीपावली मनाई। इसके बाद ग्राम हामूखेड़ी स्थित कुष्ठधाम पहुंचकर कुष्ठ रोगियों को मिठाई, पटाखे और उपहार वितरित किए।
पुलिसकर्मियों के साथ मनाई दीपावली
मुख्यमंत्री मोहन यादव उज्जैन के नागझिरी थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों के दौरान भी अपनी खुशियों से दूर रहकर नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने पुलिस बल के सेवा और समर्पण की सराहना की।
कुष्ठधाम में बांटे मिठाई और उपहार
सीएम हामूखेड़ी स्थित कुष्ठधाम पहुंचे और वहां रहने वाले लोगों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने मिठाई, पटाखे और उपहार वितरित कर सभी के स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की कामना की। इस दौरान उन्होंने पुराने हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार की घोषणा भी की।
2.20 करोड़ के पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने ग्राम ढेडिया में 2 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्रामीण विकास और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया। सीएम ने बताया कि गांव की महिलाएं वस्त्र उद्योग में सिलाई का काम करके हर महीने 12 से 15 हजार रुपये तक कमा रही हैं।
स्वामित्व योजना में 74,791 मकानों की रजिस्ट्री
मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन जिले में स्वामित्व योजना के तहत अब तक 74,791 हितग्राहियों के मकानों की रजिस्ट्री की जा चुकी है। इस उपलब्धि के साथ उज्जैन जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से ग्रामीणों को उनके मकानों का मालिकाना हक दिलाया जा रहा है।
होमस्टे के लिए मिलेगी 2 लाख रुपये तक की सहायता
सीएम मोहन यादव ने ग्रामीणों से पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे शुरू करने की अपील की। उन्होंने बताया कि होमस्टे निर्माण के लिए सरकार 2 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा डेयरी गतिविधियों और दुग्ध समितियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने भोपाल स्थित अपने निवास पर विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

 

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...