अपना राज्य चुनें
उज्जैन में बोहरा धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन से मिले CM मोहन यादव, सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर हुई चर्चा
मध्यप्रदेश 5 6 hours ago

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में बोहरा समुदाय के धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच प्रदेश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन ने मुख्यमंत्री को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। साथ ही मध्य प्रदेश की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन को मध्य प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन के समग्र विकास और शहर को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा हुई।

सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन ने उज्जैन के विकास और सिंहस्थ की तैयारियों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
बोहरा समाज के योगदान की CM ने की सराहना
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुलाकात के दौरान बोहरा समाज को शांतिप्रिय, प्रसन्नचित्त, व्यवसाय में सक्रिय और देशभक्त समाज बताया। उन्होंने कहा कि बोहरा समाज ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और भविष्य में भी समाज की प्रगति में अहम भूमिका निभाता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने भारत की धार्मिक सद्भावना और एकता की परंपरा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति सभी धर्मों और समुदायों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...