अपना राज्य चुनें
इंदौर की नंबर-1 रैंकिंग पर महापौर का दावा, बोले- स्कोरशीट आने पर सब होगा साफ
मध्यप्रदेश 33 4 days ago

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में नवी मुंबई को देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किए जाने के बाद इंदौर की रैंकिंग को लेकर विवाद शुरू हो गया है। इस बीच इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दावा किया है कि शहर को देशभर में सबसे अधिक अंक मिले हैं। उन्होंने कहा कि आधिकारिक स्कोरशीट जारी होने के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

गुरुवार को मीडिया से चर्चा करते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इस बार केंद्र सरकार ने एक शहर को केवल एक ही श्रेणी में पुरस्कार देने की नीति अपनाई है। इसी वजह से इंदौर को देपालपुर के साथ ‘क्लीन सिटी पेयर’ श्रेणी में सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि स्कोरशीट जारी होने से पहले इंदौर की रैंकिंग को लेकर सवाल उठाना उचित नहीं है।गौरतलब है कि बुधवार को घोषित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के 10वें संस्करण में नवी मुंबई को देश का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया। सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहा। इंदौर लगातार आठ वर्षों तक देश का सबसे स्वच्छ शहर रहा है। अब शहर की वास्तविक रैंकिंग को लेकर आधिकारिक स्कोरशीट का इंतजार किया जा रहा है।

भागीरथपुरा जलकांड को लेकर एयरपोर्ट पर महापौर का विरोध

स्वच्छता पुरस्कार समारोह में शामिल होकर दिल्ली से लौटे महापौर पुष्यमित्र भार्गव को बुधवार को इंदौर एयरपोर्ट पर विरोध का सामना करना पड़ा। भागीरथपुरा में दूषित पेयजल की घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर न्याय की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर महापौर के सामने अपनी बात रखने की कोशिश की। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि दूषित पानी की घटना में अपने परिजनों को खोने वाले लोग महापौर से न्याय मांगने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट से हटाकर एरोड्रम थाने पहुंचा दिया।

चौकसे के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों में 80 वर्षीय महिला और 10 साल का बच्चा भी शामिल था। वहीं, एरोड्रम थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने पुलिस के दुर्व्यवहार और हिरासत में लेने के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर अव्यवस्था की आशंका के चलते प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए थाने बुलाया गया हो सकता है, लेकिन किसी को हिरासत में नहीं लिया गया। स्वच्छता रैंकिंग और जलकांड को लेकर बढ़ा राजनीतिक विवाद

कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने महापौर पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में इंदौर ने देश के सबसे स्वच्छ शहर की अपनी प्रतिष्ठा खो दी है। उन्होंने भाजपा पर शहर की छवि बचाने के लिए गलत जानकारी फैलाने का आरोप भी लगाया।

फिलहाल इंदौर की स्वच्छता रैंकिंग को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। सभी की नजरें आधिकारिक स्कोरशीट पर टिकी हैं। वहीं, भागीरथपुरा जलकांड को लेकर न्याय की मांग ने शहर में राजनीतिक विवाद को और तेज कर दिया है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...