अपना राज्य चुनें
उज्जैन में छात्राओं के विरोध के बाद सरकार का फैसला बदला, सराफा स्कूल पुराने भवन में ही रहेगा
उज्जैन 120 3 months ago

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में शासकीय सराफा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने के फैसले का छात्राओं के जोरदार विरोध के बाद राज्य सरकार ने फैसला वापस ले लिया है। अब वैकल्पिक व्यवस्था होने तक सराफा विद्यालय अपने पुराने भवन में ही संचालित होता रहेगा।

चार दिन पहले शुक्रवार को स्कूल की छात्राओं ने स्कूल शिफ्टिंग के प्रस्ताव के खिलाफ बड़ा विरोध-प्रदर्शन किया था। Gen-Z और Gen-Alpha की छात्राओं ने महाकाल मंदिर के पीछे स्थित ऐतिहासिक सराफा स्कूल को दाऊदखेड़ी स्थित सांदीपनि विद्यालय में मर्ज किए जाने का विरोध किया था।

छात्राओं ने कलेक्टर कार्यालय का किया था घेराव

स्कूल शिफ्टिंग के विरोध में छात्राओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया था। छात्राओं ने प्रशासन के सामने नए स्थान की दूरी, आवागमन में होने वाली परेशानियों और अपनी सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को प्रमुखता से उठाया था।

छात्राओं का कहना था कि स्कूल को दूर स्थान पर शिफ्ट करने से रोजाना आने-जाने में परेशानी होगी और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी कई चुनौतियां सामने आ सकती हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बदला फैसला

छात्राओं के विरोध के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया कि वैकल्पिक व्यवस्था होने तक सराफा स्कूल पुराने भवन से ही संचालित किया जाएगा।

सरकार के इस फैसले के बाद छात्राओं और स्कूल से जुड़े लोगों में राहत है। फिलहाल स्कूल को तत्काल दूसरी जगह स्थानांतरित नहीं किया जाएगा।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...