मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 19 सितंबर को एक दिवसीय उज्जैन दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे में धार्मिक कार्यक्रम, औद्योगिक इकाई का उद्घाटन और युवा धर्म संसद के समापन समारोह में सहभागिता शामिल है। युवा धर्म संसद का तीन दिवसीय आयोजन 17 से 19 सितंबर तक उज्जैन में हो रहा है।
होटल अंजुश्री में प्राकट्य उत्सव में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे इंदौर रोड स्थित होटल अंजुश्री पहुंचेंगे। यहां वे पूज्य स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज के प्राकट्य उत्सव के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे और संतों का आशीर्वाद लेंगे।
विक्रम उद्योगपुरी में API यूनिट का उद्घाटन
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे विक्रम उद्योगपुरी पहुंचेंगे। यहां जेके लाइफकेयर सेंटर्स की API मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन प्रस्तावित है। कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।
नई औद्योगिक इकाई से क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ने और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
युवा धर्म संसद के समापन में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री शाम 4 बजे उज्जैन में आयोजित युवा धर्म संसद के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। तीन दिवसीय आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से युवा, विद्यार्थी, शिक्षक और विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं। आयोजन में धर्म, भारतीय संस्कृति, ज्ञान परंपरा, चरित्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर संवाद हो रहा है।
19 सितंबर को समापन सत्र में मुख्यमंत्री युवाओं को संबोधित करेंगे। आयोजन के दौरान युवाओं से जुड़े समकालीन विषयों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर भी चर्चा हो रही है।
उज्जैन में तीन दिनों से चल रहा आयोजन
‘युवा धर्म संसद-2026’ का आयोजन 17 से 19 सितंबर तक किया जा रहा है। इसमें 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 1600 से अधिक युवाओं के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। 18 सितंबर को RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।
खबरें और भी हैं...