न्यूजीलैंड दौरे के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए भारतीय ‘ए’ टीम में बदलाव किया गया है। चोटिल विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत की जगह युवा खिलाड़ी कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया गया है। बीसीसीआई के अनुसार, पंत ईरानी कप के दौरान बाईं ओर मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं और मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। तीसरे मुकाबले में उनकी उपलब्धता पर फैसला बाद में लिया जाएगा।
कौन हैं कुमार कुशाग्र?
झारखंड के जमशेदपुर के कदमा स्थित रामनगर के रहने वाले कुमार कुशाग्र घरेलू क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग के लिए पहचान बना चुके हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई लोयोला स्कूल, जमशेदपुर में हुई। उनके पिता शशिकांत जीएसटी विभाग में अधिकारी हैं, जबकि मां पुष्पा देवी गृहिणी हैं।
कुशाग्र को क्रिकेट की शुरुआती ट्रेनिंग देने में उनके पिता की अहम भूमिका रही। बताया जाता है कि उन्होंने क्रिकेट की किताबों और दिग्गज बल्लेबाजों की तकनीक का अध्ययन करके घर पर ही बेटे को खेल की बारीकियां सिखाईं।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन
कुमार कुशाग्र झारखंड रणजी टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 266 रन की पारी खेलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उनके प्रदर्शन ने ध्यान खींचा है।
आईपीएल 2024 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने कुशाग्र को 7.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब भारत-ए टीम में चयन उनके करियर के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है।
न्यूजीलैंड दौरे पर भारत-ए की तैयारी
भारत-ए टीम न्यूजीलैंड दौरे से पहले तीन मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसकी शुरुआत 24 अक्टूबर से होनी है। इस दौरे पर टीम की कप्तानी ध्रुव जुरैल करेंगे। चयनकर्ताओं को उम्मीद होगी कि युवा खिलाड़ी इस अवसर का फायदा उठाकर अपने प्रदर्शन से राष्ट्रीय टीम के लिए दावेदारी मजबूत करेंगे।
खबरें और भी हैं...