अपना राज्य चुनें
सुनील गावस्कर की मांग, इंटरनेशनल क्रिकेट में फुटबॉल जैसा डिविजन सिस्टम लागू हो
स्पोर्ट्स 4 17 hours ago

Jantar Mantar भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में फुटबॉल की तरह डिविजन सिस्टम लागू करने का सुझाव दिया है। उनका मानना है कि अलग-अलग स्तर की टीमों के बीच बने रिकॉर्ड का मूल्यांकन भी अलग तरीके से होना चाहिए।
मंगोलिया के 13 रन पर ऑलआउट होने के बाद उठाए सवाल
9 अक्टूबर को T20 वर्ल्ड कप सब-रीजनल एशिया क्वालिफायर-ए में मंगोलिया की टीम थाईलैंड के खिलाफ 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 13 रन पर सिमट गई थी। इस घटना के बाद गावस्कर ने अपने कॉलम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के रिकॉर्ड और प्रतिस्पर्धा के स्तर पर सवाल उठाए।
गावस्कर ने बताया कि T20 इंटरनेशनल में सबसे कम स्कोर का रिकॉर्ड आइवरी कोस्ट के नाम है, जिसने नाइजीरिया के खिलाफ 7 रन बनाए थे। उन्होंने सवाल किया कि क्या अलग-अलग स्तर की टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों के रिकॉर्ड को समान पैमाने पर देखना उचित है।
फुटबॉल की तरह प्रमोशन और रेलिगेशन का सुझाव
गावस्कर ने फुटबॉल लीग का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां टीमों को अलग-अलग डिविजन में रखा जाता है और प्रदर्शन के आधार पर उनका प्रमोशन या रेलिगेशन होता है। उनके मुताबिक, क्रिकेट में भी रिकॉर्ड के साथ यह स्पष्ट होना चाहिए कि वह किस स्तर की टीमों के खिलाफ बनाया गया है।
रणजी ट्रॉफी के रिकॉर्ड पर भी उठाए सवाल
गावस्कर ने रणजी ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप में बनने वाले रिकॉर्ड पर भी चिंता जताई। उनका मानना है कि प्लेट ग्रुप और एलीट ग्रुप के बीच प्रतिस्पर्धा के स्तर में अंतर को रिकॉर्ड का आकलन करते समय ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में समान प्रतिस्पर्धा और रिकॉर्ड की विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर दिया।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...