अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने बताया है कि वनडे विश्व कप 2027 के टिकटों के लिए अब तक 142 देशों से 1 करोड़ 50 लाख से ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं। टिकट आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के महज 12 दिनों के भीतर इतनी बड़ी संख्या में आवेदन मिलना टूर्नामेंट के प्रति प्रशंसकों की दिलचस्पी को दर्शाता है।
ICC के अनुसार, टिकटों के लिए कुल 1,50,83,752 आवेदन मिले हैं, जबकि प्रशंसकों की ओर से 44,23,417 पंजीकरण कराए गए हैं। टिकटों के लिए पंजीकरण 21 नवंबर 2026 तक कराया जा सकता है।
तीन देशों में होगा विश्व कप 2027
ICC वनडे विश्व कप 2027 की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। टूर्नामेंट 2 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक आयोजित किया जाएगा। फाइनल मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग स्थित वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
करीब 24 साल के अंतराल के बाद क्रिकेट विश्व कप दक्षिण अफ्रीका लौटेगा। ICC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता के मुताबिक, टिकटों की भारी मांग विश्व कप की लोकप्रियता और अफ्रीका के पर्यटन आकर्षण को दर्शाती है।
14 टीमें, 12 वेन्यू और 57 मुकाबले
विश्व कप 2027 में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट के मुकाबले तीन देशों के 12 वेन्यू पर खेले जाएंगे। कुल 57 मैचों के लिए तीन चरणों वाला प्रारूप निर्धारित किया गया है, जिसमें सुपर सीरीज, ग्रुप चरण और सुपर-7 शामिल हैं। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे।
टूर्नामेंट की शुरुआत नामीबिया की राजधानी विंडहोक में सुपर सीरीज के मुकाबलों से होगी। बदले हुए प्रारूप के कारण टीमों को खिताब तक पहुंचने के लिए अलग-अलग चरणों में मुकाबले खेलने होंगे।
भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में
विश्व कप के ग्रुप चरण में भारत और पाकिस्तान को ग्रुप ए में रखा गया है। इस ग्रुप में अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे और क्वालिफायर-ए की टीम भी शामिल होगी। इससे ग्रुप चरण में भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर प्रशंसकों की खास नजर रहेगी।
टूर्नामेंट शुरू होने में अभी लगभग एक साल बाकी है। ICC ने इस दौरान प्रचार अभियानों और विशेष सामग्री के जरिए प्रशंसकों के बीच उत्साह बढ़ाने की योजना बनाई है।
खबरें और भी हैं...