अपना राज्य चुनें
MP के 7,500 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी ई-स्कूटी, 19 सितंबर को भोपाल में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
मध्यप्रदेश 4 4 hours ago

मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7,500 से अधिक विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 सितंबर को ई-स्कूटी की सौगात देंगे। भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर में सुबह 10 बजे से राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत अंक के साथ अपने स्कूल में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिया जाता है। योजना में सभी संकायों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पात्र मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी वितरित करेंगे। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और उच्च शिक्षा के दौरान कॉलेज आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है।

अब तक 23 हजार से ज्यादा विद्यार्थी लाभान्वित

प्रदेश सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत अब तक 23 हजार से अधिक पात्र विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के संचालन पर अब तक करीब 246 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के 7,500 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी का लाभ दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस पहल से शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों में शिक्षा और बेहतर प्रदर्शन के प्रति उत्साह बढ़ेगा।

उच्च शिक्षा की राह होगी आसान

ई-स्कूटी मिलने से मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री स्कूटी योजना को विद्यार्थियों की मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...