आगर मालवा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 13 सितंबर को आगर मालवा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त जारी की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 1.25 करोड़ से ज्यादा लाड़ली बहनों के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आगर मालवा जिले को विकास कार्यों की भी बड़ी सौगात दी। उन्होंने करीब 226 करोड़ रुपये के 33 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसके अलावा 28 करोड़ रुपये की लागत वाले 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।
बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर में किया अभिषेक
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
‘हमने जो वादा किया, वो पूरा कर रहे हैं’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बहनों को हर महीने बिना किसी परेशानी के 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अब तक करीब 55 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि लाड़ली बहनों के खातों में पहुंचा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बहनों से जो वादा किया था, उसे पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनके परिवारों के कल्याण में सहयोग देना है।
‘बहनों का हो रहा कल्याण’
सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में करीब 4 लाख बहनें लघु उद्योगों की इकाइयां स्थापित कर रही हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं अब उद्यमी बन रही हैं। उन्होंने कहा कि नमो दीदी, ड्रोन दीदी और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के जरिए महिलाएं लगातार आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की तरक्की में ही मध्य प्रदेश की प्रगति है। सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
आगर मालवा को विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगर मालवा में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ औद्योगिक एवं धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र में करीब 4,000 करोड़ रुपये की लागत से आलू आधारित उद्योग स्थापित किए जाने की बात कही।
उन्होंने बताया कि आगर मालवा क्षेत्र में आने वाले समय में 300 से ज्यादा उद्योग स्थापित किए जाने की योजना है। वहीं बाबा बैजनाथ धाम में भी करीब 18 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं।
17 सितंबर को घर-घर दीप जलाने की अपील
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर घर-घर दीप जलाकर दीपावली मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की साख और धाक को दुनिया में बढ़ाया है।
सीएम ने कहा कि सरकार किसान, महिला, युवा और गरीब—इन चारों वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाली नहीं, बल्कि लाभ कमाने वाली और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार काम कर रही है।
खबरें और भी हैं...