दिल्ली CJP प्रदर्शन: 48 घंटे में 10 FIR दर्ज, RAF जवान पर हमले समेत कई गंभीर धाराओं में केस
दिल्ली में NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को आयोजित ‘चलो संसद’ मार्च के बाद हुई घटनाओं के संबंध में अब तक 10 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इन मामलों में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के एक जवान पर कथित हमले से जुड़ी एफआईआर भी शामिल है।
किन-किन थानों में दर्ज हुईं FIR?
दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने और विभिन्न घटनाओं के आधार पर पांच थानों में कुल 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
संसद मार्ग थाना – 4 FIR
कनॉट प्लेस थाना – 3 FIR
मंदिर मार्ग थाना – 1 FIR
बाराखंभा रोड थाना – 1 FIR
कर्तव्य पथ थाना – 1 FIR
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
बाराखंभा रोड थाने में दर्ज एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। इनमें लोक सेवक को ड्यूटी से रोकना, सरकारी आदेश की अवहेलना, लोक सेवक पर हमला, गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा, दंगे के लिए उकसाना और हत्या के प्रयास जैसी धाराएं शामिल हैं। इसके अलावा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम (PDPP Act) की धारा 3 के तहत भी कार्रवाई की गई है।
RAF जवान पर हमले की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, कनॉट प्लेस में RAF जवान पर हुए कथित हमले के मामले में अलग से एफआईआर दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
25 दिनों से जारी है प्रदर्शन
CJP पिछले 25 दिनों से NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। सोमवार को ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव और झड़प की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की।
खबरें और भी हैं...