दिल्ली हाईकोर्ट आज CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन पर दायर PIL पर करेगा सुनवाई, जांच की मांग
देश 4
7 hours ago
दिल्ली हाईकोर्ट शुक्रवार को उस जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करेगा, जिसमें जंतर-मंतर पर कथित परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे Cockroach Janta Party (CJP) के प्रदर्शन की जांच की मांग की गई है।
याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता बरुण कुमार सिन्हा ने मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की पीठ के समक्ष मामले का उल्लेख करते हुए जल्द सुनवाई की मांग की। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने मामले को शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया।
याचिका अखिल भारत हिंदू महासभा के पूर्व उपाध्यक्ष सतीश कुमार अग्रवाल की ओर से दायर की गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन में राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी के साथ-साथ विदेशी फंडिंग वाले संगठनों की कथित भूमिका ने आंदोलन की प्रकृति और उद्देश्य पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
याचिका में कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान सड़कें बाधित हुईं, आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा, एंबुलेंस की आवाजाही प्रभावित हुई, सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा, पत्रकारों पर हमले हुए तथा संसद भवन के पास सुरक्षा व्यवस्था भंग करने की कोशिश की गई। साथ ही पुलिसकर्मियों और अन्य अधिकारियों के घायल होने का भी दावा किया गया है।
याचिकाकर्ता ने अदालत से मामले में FIR दर्ज कराने, निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यकता पड़ने पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) जैसी विशेष एजेंसी से जांच कराने के निर्देश देने की मांग की है।
गौरतलब है कि Cockroach Janta Party (CJP) 20 जून से कथित परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। पार्टी की मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। 20 जुलाई को आयोजित “चलो संसद” मार्च में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।