दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए सरकार ने पुराने और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले कमर्शियल वाहनों को सड़क से हटाने की तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली सरकार ने केंद्र की ‘परिवर्तन’ योजना को दिल्ली में लागू करने की मंजूरी दे दी है।
योजना के तहत दिल्ली में करीब 78 हजार पुराने BS-3 और BS-4 भारी वाहनों की पहचान की गई है। वहीं, पूरे दिल्ली-NCR में करीब 2.07 लाख ट्रक और बस मालिकों को योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है।
पुराने वाहन स्क्रैप कर नए BS-VI, CNG या इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर वाहन मालिकों को 10 साल तक 100 प्रतिशत मोटर व्हीकल टैक्स और रजिस्ट्रेशन फीस में छूट मिलेगी। इसके अलावा 5 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी, 8 प्रतिशत तक OEM डिस्काउंट और फ्यूल वाउचर जैसे लाभ भी दिए जाएंगे।
पुरानी बसों को BS-VI CNG या इलेक्ट्रिक बसों से बदला जा सकेगा, जबकि दिल्ली में नए LGV केवल इलेक्ट्रिक होंगे। खास बात यह है कि योजना फिलहाल स्वैच्छिक है और वाहन मालिकों पर जबरन वाहन बदलने की शर्त नहीं है।
सरकार का कहना है कि इस पहल से पुराने प्रदूषणकारी वाहनों की संख्या कम होगी और दिल्ली की हवा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
खबरें और भी हैं...