अपना राज्य चुनें
चीनी की कीमतों में राहत, लगातार चौथे दिन ₹60 प्रति किलो से नीचे रही औसत कीमत
बिज़नेस 1 1 hour ago

अगस्त से चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर सामने आई है। केंद्र सरकार के हस्तक्षेप के बाद देश में चीनी की औसत खुदरा कीमत लगातार चौथे दिन 60 रुपये प्रति किलो से नीचे बनी हुई है।

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को चीनी की औसत खुदरा कीमत 59.57 रुपये प्रति किलो रही। इससे एक दिन पहले यह कीमत 58.99 रुपये प्रति किलो थी। वहीं, 21 अगस्त को देश में चीनी की औसत कीमत 58.23 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई थी।

मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा गिरावट

अलग-अलग राज्यों में चीनी की कीमतों में अलग-अलग रुझान देखने को मिले। प्रमुख चीनी उत्पादक राज्यों में महाराष्ट्र में औसत कीमत घटकर 58.22 रुपये और उत्तर प्रदेश में 57.88 रुपये प्रति किलो रह गई।

मध्य प्रदेश में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई। यहां चीनी की औसत खुदरा कीमत 62.36 रुपये से घटकर 56.57 रुपये प्रति किलो हो गई।

वहीं आंध्र प्रदेश में कीमत बढ़कर 55.56 रुपये और केरल में 57.80 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। देश में चीनी का अधिकतम खुदरा मूल्य 85 रुपये और न्यूनतम 40 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया।

सरकार ने उठाए कई कदम

चीनी की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार ने 21 अगस्त को चीनी आयात की अनुमति देने के साथ कारोबारियों और थोक उपभोक्ताओं के लिए स्टॉक रखने की सीमा भी सख्त की थी। सरकार के मुताबिक देश में चीनी का पर्याप्त भंडार मौजूद है।

हालांकि, 2025-26 के लिए चीनी उत्पादन का अनुमान 343 लाख टन से घटाकर 306 लाख टन कर दिया गया है। घरेलू मांग करीब 280 से 285 लाख टन रहने का अनुमान है।

त्योहारों के सीजन में चीनी की मांग बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...