BPSC TRE-4 में एकल परीक्षा कराने, निगेटिव मार्किंग खत्म करने समेत कई मांगों को लेकर मंगलवार को पटना में छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बाद में लाठीचार्ज भी किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
प्रदर्शनकारी गांधी मैदान से डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ रहे थे। जेपी गोलंबर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी, लेकिन छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और बड़ी संख्या में डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए वाटर कैनन चलाया। इसी दौरान प्रदर्शन के बीच एक छात्र का अलग अंदाज देखने को मिला। वाटर कैनन की बौछार के बीच वह शैंपू लगाकर नहाने लगा और बाद में पुलिसकर्मियों के सामने जाकर उन्हें चिढ़ाता नजर आया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से पथराव किए जाने की भी सूचना है। इसमें टाउन डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह के चोटिल होने की जानकारी सामने आई है।
प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा के सिर में भी चोट लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए गार्डिनर रोड अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बावजूद छात्र अपनी मांगों पर डटे रहे और दोपहर बाद तक बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी डाकबंगला और आसपास के इलाकों में मौजूद रहे।
खबरें और भी हैं...