अपना राज्य चुनें
बिहार में छात्रों का प्रदर्शन, दारोगा भर्ती और BPSC 70वीं परीक्षा रद्द करने की मांग
बिहार 2 1 hour ago

पटना में मंगलवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने बिहार पुलिस दारोगा भर्ती और BPSC 70वीं परीक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र संगठनों के नेतृत्व में जेपी गोलंबर के पास जुटे और सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन के कारण जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। इसके बाद छात्र चिड़ियाटाड़ ओवरब्रिज होते हुए विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने GPO के पास बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस से छात्रों की धक्का-मुक्की प्रदर्शन के दौरान जेपी गोलंबर के पास छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस का घेरा तोड़कर विधानसभा की ओर आगे बढ़ गए। स्थिति को देखते हुए जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहा तक बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंगा रोधी दस्ते को तैनात किया गया। पुलिस ने आर ब्लॉक से GPO और GPO से आर ब्लॉक जाने वाले मार्ग को भी बंद कर दिया। सड़क जाम के चलते अशोक राजपथ समेत आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 1,799 पदों की दारोगा परीक्षा रद्द करने की मांग छात्रों ने हाल में आयोजित बिहार पुलिस दारोगा के 1,799 पदों की भर्ती परीक्षा को रद्द कर दोबारा पारदर्शी तरीके से कराने की मांग की। छात्रों का आरोप है कि प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने BPSC 70वीं परीक्षा को भी निरस्त करने की मांग उठाई। छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के हितों और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग छात्रों ने BPSSC की इंटर स्तरीय परीक्षा की तारीख जल्द घोषित करने और आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग भी की। इसके साथ ही सरकारी नियुक्तियों में संविदा कर्मियों को दिए जाने वाले वेटेज को समाप्त करने की मांग रखी गई। मास्क लगाकर और शंख बजाकर जताया विरोध प्रदर्शन के दौरान कई छात्रों ने मास्क लगाया और चेहरे पर रुमाल बांधा। छात्रों ने दावा किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से डिबार किया जा रहा है, इसलिए उन्होंने पहचान छिपाकर विरोध जताया। छात्रों ने परीक्षा आयोगों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। विरोध के दौरान छात्रों ने शंख बजाकर भी अपनी मांगों और नाराजगी का इजहार किया।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...