उज्जैन: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण कार्य की शुरुआत अपने पैतृक मकान के प्रभावित हिस्से पर खुद गेती और हथौड़ा चलाकर की। उनका पुश्तैनी मकान अब्दालपुरा इलाके में स्थित है और सड़क चौड़ीकरण परियोजना की जद में आ रहा है।
उज्जैन के अब्दालपुरा क्षेत्र में खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक सड़क को चौड़ा किया जाना है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस परियोजना से करीब 270 से 272 मकान या ढांचे प्रभावित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव के पैतृक मकान का करीब 2.90 मीटर हिस्सा सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाया जाना है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के दादा रामचंद्र यादव ने वर्ष 1974 में यह मकान बनवाया था। इसी घर में मोहन यादव और उनके भाई-बहनों का बचपन बीता। सड़क चौड़ीकरण की जद में उनकी बहन कलावती यादव का मकान भी बताया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस घर में बचपन बीता, उसके एक हिस्से को हटाने पर भावनात्मक असर होना स्वाभाविक है। हालांकि, उज्जैन के विकास और सिंहस्थ की तैयारियों के लिए जरूरत होने पर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने जनहित के विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी और नियमों के समान रूप से लागू होने की बात कही।
सिंहस्थ 2028 के दौरान उज्जैन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए शहर में सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था से जुड़े विकास कार्य किए जा रहे हैं। अब्दालपुरा की सड़क भी इसी तैयारी का हिस्सा है। अधिकारियों के अनुसार, सड़क चौड़ी होने से वाहनों और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिल सकती है।
खबरें और भी हैं...