अपना राज्य चुनें
इंदौर में युवक से ₹55,700 की लूट, बीयर खरीदवाकर मोबाइल-पर्स छीना
मध्यप्रदेश 2 2 hours ago

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में एमआर-10 ब्रिज के पास तीन बदमाशों ने एक युवक के साथ मारपीट कर मोबाइल, पर्स और क्रेडिट कार्ड लूट लिया। आरोपियों ने पहले युवक को धमकाकर अपने लिए बीयर खरीदवाई और फिर उसे बाहर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।

पासवर्ड और UPI पिन पूछकर ट्रांसफर किए रुपये

पुलिस के अनुसार, स्कीम नंबर 136 निवासी दुर्गेश (33) 29 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे एमआर-10 ब्रिज स्थित वाइन शॉप पर गए थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और उन्हें डराकर अपने लिए बीयर खरीदवाई।

इसके बाद तीनों आरोपी दुर्गेश को दुकान से बाहर ले गए और मारपीट कर उनका मोबाइल, HDFC क्रेडिट कार्ड और पर्स छीन लिया। पर्स में 2 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड और पैन कार्ड की कॉपियां थीं।

लूट के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल का पासवर्ड और UPI पिन पूछा। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से 51,500 रुपये और PNB बैंक खाते से 4,200 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। इस तरह आरोपियों ने कुल 55,700 रुपये ट्रांसफर किए।

बाइक से फरार हुए आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक नंबर MP09BN7129 से मौके से फरार हो गए। दुर्गेश ने पुलिस को बताया कि आरोपी आपस में एक-दूसरे को ‘चूचू’, ‘किट्टू’ और ‘कालू’ नाम से बुला रहे थे।

दुर्गेश की शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के हिरासत में आने के बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की है।

जेवर ठगी मामले में भी पुलिस पर सवाल

इसी क्षेत्र में हाल ही में सुंदर बाई नाम की महिला के साथ जेवर ठगी का मामला भी सामने आया था। घटना के CCTV फुटेज सामने आने के बावजूद पुलिस ने महिला से लिखित आवेदन लेकर जांच की बात कही थी। इस मामले को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे थे।

 

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...