मध्य प्रदेश के इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शनिवार को कांवड़ यात्रियों और हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग चंदन नगर थाने पहुंचे और मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कथित टिप्पणी से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया आश्वासन
एसीपी शिवेंद्र जोशी ने बताया कि शिकायत के साथ एक वीडियो भी सौंपा गया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि वीडियो कहां का है और उसमें दिखाई दे रहा व्यक्ति कौन है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार ने कहा कि यदि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं की गई तो अगले सोमवार को 5,000 लोगों की कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। जरूरत पड़ने पर थाना और एसपी कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।
खबरें और भी हैं...