अपना राज्य चुनें
इंदौर एयरपोर्ट विस्तार को मिली रफ्तार, 143 एकड़ जमीन के लिए CM मोहन यादव को लिखा गया पत्र
मध्यप्रदेश 5 4 hours ago

इंदौर: मध्य प्रदेश के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तार की कवायद एक बार फिर तेज होती नजर आ रही है। इस दिशा में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर एयरपोर्ट विस्तार के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

इंदौर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए लंबे समय से करीब 143 एकड़ अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता बताई जा रही है। इस जमीन पर एयर स्ट्रिप का विस्तार, नया टर्मिनल भवन और अत्याधुनिक रडार सिस्टम विकसित किया जाना प्रस्तावित है। इससे एयरपोर्ट की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

जानकारी के अनुसार, जमीन उपलब्ध होने के बाद इंदौर एयरपोर्ट पर Boeing सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े यात्री विमानों का संचालन संभव हो सकेगा। इससे इंदौर की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार, उद्योग व पर्यटन को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

हालांकि, यह प्रस्ताव लंबे समय से राज्य सरकार के स्तर पर लंबित है, जिसके कारण अब तक एयरपोर्ट विस्तार के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं हो सकी है। इसी को देखते हुए सुमित्रा महाजन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस परियोजना को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया है।

यदि सरकार जल्द जमीन उपलब्ध कराती है, तो इंदौर एयरपोर्ट का विस्तार शहर के बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हो सकता है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...