देश के सबसे चर्चित अपराध मामलों में से एक रंगा-बिल्ला कांड एक बार फिर चर्चा में है। इसकी वजह प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई नई क्राइम ड्रामा सीरीज ‘राख’ है, जिसकी कहानी 1970 के दशक के चर्चित अपराधों से प्रेरित बताई जा रही है।
इस मामले का अभिनेता Bobby Deol से भी निजी संबंध रहा है। एक पॉडकास्ट में बॉबी देओल ने खुलासा किया था कि जब वह छठी कक्षा में पढ़ते थे, तब उनके एक स्कूल मित्र का अपहरण कुख्यात अपराधी रंगा-बिल्ला गिरोह ने कर लिया था। हालांकि उनका दोस्त सौभाग्य से बच गया, लेकिन इस घटना के बाद बॉबी देओल का बचपन डर और सुरक्षा प्रतिबंधों के बीच गुजरा।
उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद उनके पिता Dharmendra ने उनकी सुरक्षा को लेकर काफी सख्ती बरती। स्कूल से घर और घर से स्कूल के अलावा उन्हें कहीं जाने की अनुमति नहीं थी।
26 अगस्त 1978 को दिल्ली में भाई-बहन गीता चोपड़ा और संजय चोपड़ा का अपहरण कर लिया गया था। बाद में दोनों की हत्या कर दी गई थी। इस जघन्य अपराध ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। जांच के बाद अपराधी कुलजीत सिंह उर्फ रंगा और जसबीर सिंह उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार किया गया। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद दोनों को दोषी ठहराया गया और 1982 में फांसी दी गई।
नई क्राइम सीरीज ‘राख’ में 1970 के दशक की अपराध दुनिया और उससे प्रभावित परिवारों की कहानी को दर्शाया गया है। सीरीज में एक पुलिस अधिकारी की जांच के साथ-साथ अपराधियों के जीवन और उनके अपराध की पृष्ठभूमि को भी दिखाया गया है। दर्शकों के बीच इस सीरीज को लेकर काफी चर्चा हो रही है, क्योंकि इसमें देश के चर्चित अपराध मामलों की झलक देखने को मिलती है।
खबरें और भी हैं...