अपना राज्य चुनें
ओमान के पास फिर जहाज पर हमला, 20 भारतीय सवार; भारत ने शुरू की निगरानी
विदेश 5 11 hours ago

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ओमान के शिनास बंदरगाह के पास एक और व्यापारिक जहाज पर हमले की खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, एमटी जलवीर (MT Jalveer) नामक जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के नजदीक हमले का शिकार हुआ है। जहाज पर लगभग 20 भारतीय नागरिक सवार बताए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। भारतीय अधिकारी स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के साथ संपर्क में हैं तथा सभी यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जानकारी जुटा रहे हैं।

हालांकि अभी तक भारतीय नागरिकों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ओमान की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास व्यापारिक जहाजों पर हमलों की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इन समुद्री मार्गों को वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

इससे पहले भी क्षेत्र में एक अन्य जहाज पर हमला हुआ था, जिसमें भारतीय नाविक सवार थे। लगातार बढ़ते समुद्री सुरक्षा जोखिमों ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार और जहाजरानी क्षेत्र की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ता है, तो इसका असर वैश्विक सप्लाई चेन, ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार पर भी पड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजर भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और जांच के नतीजों पर टिकी हुई है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...