भारतीय महिला क्रिकेट टीम का महिला T20 विश्व कप 2026 का सफर समाप्त हो गया। रविवार को लंदन के लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए ग्रुप-1 के अपने आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 170 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 27 गेंदों में 56 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि स्मृति मंधाना ने 38 और शेफाली वर्मा ने 34 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिग्स चोट के कारण 19वें ओवर में रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चली गईं।
171 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 10वें ओवर तक टीम ने 68 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। भारत ने बेथ मूनी, फोएबे लिचफील्ड और जॉर्जिया वोल के विकेट लेकर मुकाबले में मजबूत पकड़ बना ली थी।
हालांकि इसके बाद एलिस पेरी ने 38 गेंदों में 56 रन की संयमित पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। अंत में एशले गार्डनर ने 29 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को 19 ओवर में 4 विकेट पर 172 रन तक पहुंचा दिया। ऑस्ट्रेलिया ने सात गेंद शेष रहते छह विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
भारत ने ग्रुप चरण में पांच में से तीन मुकाबले जीते, लेकिन अंतिम मैच में मिली हार के कारण टीम शीर्ष दो में जगह बनाने से चूक गई। इसके साथ ही भारत का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
वहीं, ग्रुप-1 से ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
खबरें और भी हैं...