बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा एक बार फिर अपनी प्रॉपर्टी डील को लेकर चर्चा में हैं। फिल्मों, ब्रांड एंडोर्समेंट और अन्य बिजनेस गतिविधियों के अलावा अब अभिनेत्री अपनी रियल एस्टेट संपत्तियों से भी मोटी कमाई कर रही हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक, सोनाक्षी ने मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित अपने एक लग्जरी अपार्टमेंट को किराये पर दे दिया है।
CRE Matrix की रिपोर्ट के अनुसार, यह आलीशान अपार्टमेंट करीब 4,350 वर्ग फीट क्षेत्र में फैला हुआ है। अभिनेत्री ने इस प्रॉपर्टी को एक साल के लिए लीज पर दिया है। इस डील की कुल लाइसेंस वैल्यू 1.92 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इस समझौते के तहत सोनाक्षी सिन्हा को हर महीने 16 लाख रुपये किराये के रूप में प्राप्त होंगे। यानी एक साल में अभिनेत्री को केवल किराये से ही 1.92 करोड़ रुपये की आय होगी। हालांकि उपलब्ध दस्तावेजों में सिक्योरिटी डिपॉजिट से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है।
यह पहली बार नहीं है जब सोनाक्षी ने प्रॉपर्टी से बड़ा मुनाफा कमाया हो। इससे पहले वर्ष 2025 में उन्होंने बांद्रा स्थित अपना एक अन्य लग्जरी अपार्टमेंट 22.5 करोड़ रुपये में बेचा था। खास बात यह रही कि इस फ्लैट को उन्होंने वर्ष 2020 में लगभग 14 करोड़ रुपये में खरीदा था। पांच वर्षों में इस निवेश पर उन्हें 60 प्रतिशत से अधिक का लाभ मिला।
सोनाक्षी सिन्हा ने वर्ष 2010 में फिल्म ‘दबंग’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था और तब से कई सफल फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी कुल संपत्ति करीब 100 करोड़ रुपये आंकी जाती है। अभिनेत्री एक फिल्म के लिए 2 से 5 करोड़ रुपये तक फीस लेती हैं।
गौरतलब है कि सोनाक्षी सिन्हा ने वर्ष 2024 में अभिनेता जहीर इकबाल से शादी की थी। दोनों वर्तमान में मुंबई के एक शानदार सी-फेसिंग पेंटहाउस में रहते हैं।
खबरें और भी हैं...