जल संसाधन मंत्री एवं सांवेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक तुलसीराम सिलावट के प्रयासों से सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फरसपुर में विद्युत दुर्घटना में मृत हारवेस्टर चालक स्वर्गीय गुरजंत सिंह के परिवार को ₹4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। राहत राशि का चेक गुरुवार को मृतक की पत्नी परमजीत कौर को सौंपा गया।
विद्युत दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद मंत्री तुलसीराम सिलावट ने संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा प्रकरण में ₹4 लाख की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई।
खेत में सोयाबीन की कटाई के दौरान हुआ हादसा
ग्राम फरसपुर निवासी नीलेश पटेल के यहां गुरजंत सिंह हारवेस्टर चालक के रूप में कार्यरत थे। सोयाबीन की कटाई के दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन की केबल क्षतिग्रस्त अवस्था में थी। इसी के संपर्क में आने से गुरजंत सिंह विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए और उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद विद्युत विभाग ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित विद्युत केबल को बदल दिया। साथ ही विभागीय नियमों के तहत मृतक के वैध उत्तराधिकारी को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पत्नी को सौंपा गया राहत राशि का चेक
इसी प्रक्रिया के तहत विद्युत विभाग द्वारा स्वीकृत ₹4 लाख की राहत राशि का चेक मृतक की पत्नी परमजीत कौर को सौंपा गया। कार्यपालन यंत्री विनय सिंह ने सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
मंत्री तुलसीराम सिलावट के प्रयासों से मिली इस आर्थिक सहायता से हादसे में प्रभावित परिवार को आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद है।
खबरें और भी हैं...