मध्य प्रदेश की सवा करोड़ लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार की ओर से अतिरिक्त शगुन मिलने जा रहा है। 19 अगस्त को मैहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के ₹1500 के साथ रक्षाबंधन के शगुन के रूप में अतिरिक्त ₹250 महिलाओं के खातों में ट्रांसफर करेंगे।
इस तरह अगस्त महीने में पात्र लाड़ली बहनों के खातों में कुल ₹1750 पहुंचेंगे। योजना के तहत प्रदेश सरकार हर महीने करीब सवा करोड़ महिला हितग्राहियों को ₹1500 की राशि देती है। सरकार अब तक योजना की 38 किस्तें जारी कर चुकी है।
रक्षाबंधन पर अतिरिक्त ₹250 की राशि देने का यह सिलसिला पहले भी जारी रहा है। 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शगुन के रूप में ₹250 दिए थे। इसके बाद 2024 और 2025 में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार ने रक्षाबंधन के अवसर पर लाड़ली बहनों को अतिरिक्त ₹250 की राशि दी थी।
इसके साथ ही राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना के सामाजिक और आर्थिक प्रभाव का अध्ययन भी कराने जा रही है। इसमें यह देखा जाएगा कि योजना की राशि से महिलाओं के जीवन में किस तरह के बदलाव आए हैं और उन्हें स्वरोजगार में कितनी मदद मिली है।
खबरें और भी हैं...