कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से बच्चे समेत कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। आग करीब रात 2 बजे न्यू मार्केट के पास फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल में लगी। हादसे के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अंदर फंस गए।
फायर विभाग के अनुसार, आग की सूचना सुबह 2:07 बजे मिली। इसके बाद चार दमकल गाड़ियां और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान के दौरान करीब 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। होटल से नौ लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं, जो इलाज के लिए कोलकाता आए थे। एक मृतक की पहचान झारखंड निवासी के रूप में हुई है।
होटल में नहीं थे पर्याप्त फायर सेफ्टी इंतजाम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल में बुनियादी अग्नि सुरक्षा इंतजामों की कमी थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग तीसरी मंजिल से शुरू हुई। आशंका जताई जा रही है कि एयर कंडीशनर में विस्फोट के कारण आग लगी, हालांकि आग लगने की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
आग तेजी से फैलने के साथ होटल के कमरों में धुआं भर गया। घना धुआं होने के कारण दमकलकर्मियों को सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। पुलिस के मुताबिक आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन शुरुआती जांच में और लोगों के हताहत होने की आशंका जताई गई थी।
होटल मालिक और स्टाफ की तलाश
कोलकाता पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस होटल के मालिक और कर्मचारियों की तलाश कर रही है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। आग की घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
दो दिन पहले बीरभूम में भी हुआ था हादसा
कोलकाता होटल अग्निकांड से सिर्फ दो दिन पहले पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में भी एक होटल में भीषण आग लगी थी। उस हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे।
तारापीठ के होटल में आग 17 अगस्त की सुबह करीब 4:30 बजे ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। उस समय ज्यादातर मेहमान सो रहे थे। हादसे में मेघालय के एक ही परिवार के पांच सदस्यों, जिनमें दो बच्चे शामिल थे, की मौत हो गई थी।
लगातार दो होटल अग्निकांडों ने पश्चिम बंगाल में होटल और गेस्ट हाउसों में फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खबरें और भी हैं...