अपना राज्य चुनें
इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर गतिरोध, जीतू पटवारी ने CM मोहन यादव से की स्टेडियम
ताजा खबरें 33 1 week ago

इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 12 सितंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और नगर निगम के बीच गतिरोध जारी है। इसी बीच मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कार्यक्रम के लिए स्टेडियम उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

पटवारी ने अपने पत्र में कहा कि राहुल गांधी का यह कार्यक्रम सामान्य राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के भविष्य, युवाओं के सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित जनसंवाद है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक संवैधानिक पद पर आसीन जनप्रतिनिधि हैं, इसलिए विद्यार्थियों और युवाओं के साथ उनके संवाद के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराया जाना कार्यक्रम के महत्व के अनुरूप होगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की, ताकि 12 सितंबर को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए स्टेडियम उपलब्ध कराया जा सके।

स्टेडियम को लेकर क्या है विवाद?

इससे पहले इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा था कि नेहरू स्टेडियम को लेकर उच्च न्यायालय का स्पष्ट आदेश है। इसके तहत स्टेडियम में केवल खेल गतिविधियों या राज्यस्तरीय शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति दी जा सकती है।

वहीं, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

कांग्रेस इस कार्यक्रम में इंदौर और आसपास के क्षेत्रों से करीब 50 हजार विद्यार्थियों को जुटाने की तैयारी कर रही है। विपक्षी दल इस अभियान के जरिए प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में कथित अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...