अपना राज्य चुनें
इंदौर में घर के पास घायल तेंदुआ दिखने से दहशत, वन विभाग की तलाश जारी
मध्यप्रदेश 7 23 hours ago

इंदौर के पास खुड़ैल थाना क्षेत्र में क्रिसेंट वाटर पार्क के नजदीक बुधवार सुबह एक रिहायशी मकान के पास घायल तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुए के सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे और वह कमजोर हालत में नजर आ रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और तेंदुए की तलाश शुरू की।

हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए की मौजूदगी और उसके घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घर के पास कमजोर हालत में बैठा दिखा तेंदुआ
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह हरिओम ठाकुर के घर के पास तेंदुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वह कमजोर हालत में बैठा था और उसके सिर व मुंह पर चोट के निशान थे। लोगों ने आशंका जताई कि किसी दूसरे जंगली जानवर से लड़ाई के दौरान वह घायल हुआ होगा।

तेंदुए को देखने के बाद आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ कुछ देर बाद वहां से भाग गया।
8 अक्टूबर को फार्महाउस में मवेशियों का किया था शिकार
हरिओम ठाकुर ने बताया कि 8 अक्टूबर को एक तेंदुआ उनके फार्महाउस में घुस आया था और वहां मवेशियों का शिकार किया था। उस समय ग्रामीणों ने शोर मचाकर तेंदुए को वहां से भगाया था।

ठाकुर किसान हैं। वे कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता रह चुके हैं और प्रॉपर्टी कारोबार से भी जुड़े हैं।
रालामंडल की पहाड़ियों से आने की आशंका
हरिओम ठाकुर के मुताबिक, उनके घर के पास रालामंडल की पहाड़ियां स्थित हैं। क्षेत्र में बाड़ नहीं होने के कारण जंगली जानवरों की आवाजाही आसपास के रिहायशी इलाकों तक हो सकती है।

उन्होंने बताया कि इन दिनों किसान खेतों में सिंचाई का काम कर रहे हैं। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...