अपना राज्य चुनें
इंदौर के इंद्रपुरी में 12 घंटे में तैयार किया 51 फीट का नया रावण, तय समय पर हुआ दहन
मध्यप्रदेश 11 2 days ago

इंदौर। इंदौर की इंद्रपुरी कॉलोनी में दशहरे से एक दिन पहले शॉर्ट सर्किट से 51 फीट ऊंचा रावण का पुतला जलकर राख हो गया था। इसके बाद आयोजकों ने हार नहीं मानी और रातभर मेहनत करके करीब 12 घंटे में दूसरा 51 फीट का रावण तैयार कर दिया। मंगलवार शाम देवी अहिल्याबाई होल्कर उद्यान में तय कार्यक्रम के अनुसार रावण दहन किया गया।
लाइट की टेस्टिंग के दौरान लगी थी आग
इंद्रपुरी कॉलोनी स्थित देवी अहिल्याबाई होल्कर उद्यान में भाजपा विधायक मधु वर्मा के मार्गदर्शन में 32वें विशाल रावण दहन कार्यक्रम की तैयारी की गई थी। इसके लिए करीब 10 दिनों की मेहनत से 51 फीट ऊंचा रावण का पुतला बनाया गया था।

सोमवार शाम पुतले की आंखों में लगी लाइट की टेस्टिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते पूरा पुतला जलकर राख हो गया। घटना के बाद आयोजन समिति के सामने निर्धारित समय पर रावण दहन कराने की चुनौती खड़ी हो गई।
रातभर मेहनत कर बनाया दूसरा पुतला
पहला पुतला जलने के बाद आयोजकों ने तुरंत दूसरा पुतला तैयार करने का निर्णय लिया। रात में ही काम शुरू कर दिया गया और जरूरी सामग्री जुटाकर लगातार मेहनत की गई। करीब 12 घंटे में 51 फीट ऊंचा नया रावण तैयार कर लिया गया।

विधायक प्रतिनिधि भानु प्रताप सिंह के अनुसार, दूसरा पुतला भी 51 फीट ऊंचा बनाया गया। आयोजकों की मेहनत से कार्यक्रम तय समय पर आयोजित हो सका।
इंद्रपुरी में 32 साल से हो रहा रावण दहन
देवी अहिल्याबाई होल्कर उद्यान में रावण दहन का आयोजन पिछले 32 वर्षों से किया जा रहा है। हर साल बड़ी संख्या में लोग रावण दहन देखने पहुंचते हैं। कार्यक्रम में रावण दहन के साथ आतिशबाजी भी होती है।

इस बार पुतले में आग लगने से तैयारियां प्रभावित हुईं, लेकिन आयोजकों ने रातभर मेहनत करके परंपरा को जारी रखा। मंगलवार शाम 7 बजे नए पुतले का दहन किया गया।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...