अपना राज्य चुनें
CM मोहन यादव के सख्त निर्देश: त्योहारों पर कार्बाइड गन पर रोक, अवैध पटाखा बिक्री पर होगी कार्रवाई
मध्यप्रदेश 5 2 hours ago

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगामी तीज-त्योहारों, धार्मिक मेलों और दीपावली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों (SP) को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। कानून-व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिले के कलेक्टर और एसपी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर्स, कमिश्नर्स, एसपी और आईजी को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा के साथ आगामी त्योहारों के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के इस्तेमाल पर सख्ती
सीएम मोहन यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि तीज-त्योहारों और सामाजिक एवं धार्मिक मेलों के दौरान लोकल मेड कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। इन उपकरणों से दुर्घटना और गंभीर चोट लगने का खतरा रहता है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इनके उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
दीपावली पर अवैध पटाखा बिक्री और भंडारण पर नजर
मुख्यमंत्री ने दीपावली के दौरान पटाखों की अवैध बिक्री और विस्फोटक सामग्री के गैरकानूनी भंडारण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखा दुकानों के लाइसेंस जारी करते समय सभी निर्धारित शर्तों का पालन कराया जाए।

इसके लिए दुकानों का भौतिक सत्यापन और नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है। प्रतिबंधित पटाखों की खरीद-बिक्री, भंडारण और उपयोग पर भी प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
महिलाओं की सुरक्षा और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी निगरानी
मुख्यमंत्री ने त्योहारों और मेलों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को सामाजिक और साम्प्रदायिक तनाव की आशंका वाले क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा और प्रतिबंधात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

दीपावली के दौरान भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और नियमित पेट्रोलिंग करने को कहा गया है। महिलाओं की सुरक्षा को भी विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
अग्निशमन, एम्बुलेंस और अस्पतालों को तैयार रखने के निर्देश
त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री ने संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन वाहन, जरूरी उपकरण और प्रशिक्षित कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

प्रमुख स्थानों पर एम्बुलेंस तैनात रखने, नजदीकी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट रखने तथा डॉक्टरों की ड्यूटी पहले से तय करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही शहरों और कस्बों के प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया है।
कार्बाइड गन क्यों है खतरनाक?
कार्बाइड गन में कैल्शियम कार्बाइड पानी के संपर्क में आने पर एसीटिलीन गैस उत्पन्न करता है। यह गैस अत्यधिक ज्वलनशील होती है और चिंगारी मिलने पर तेजी से आग पकड़ सकती है या विस्फोट हो सकता है।

ऐसी घटना में प्लास्टिक और धातु के छोटे टुकड़े आंखों, चेहरे और त्वचा को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। आग और गैस के कारण जलने या अन्य चोटों का खतरा भी रहता है। इसी जोखिम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के उपयोग पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...