भारत के बड़े उद्योगपति Gautam Adani को अमेरिका में बड़ी राहत मिल सकती है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी न्याय विभाग उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक केस को वापस लेने की तैयारी कर रहा है। यह मामला करीब 26.5 करोड़ डॉलर की कथित रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी से जुड़ा था।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फैसला इसी हफ्ते लिया जा सकता है। वहीं, अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) भी नवंबर 2024 में दर्ज सिविल फ्रॉड केस को सुलझाने की दिशा में काम कर रहा है।
दरअसल, नवंबर 2024 में दाखिल आरोपपत्र में Gautam Adani, उनके भतीजे Sagar Adani और अन्य लोगों पर भारतीय सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देने की साजिश का आरोप लगाया गया था। अभियोजकों का दावा था कि ये भुगतान बड़े सोलर पावर कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए किए गए थे, जिनसे अगले 20 वर्षों में करीब 2 अरब डॉलर के मुनाफे की उम्मीद थी।
अमेरिकी अधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया था कि Adani Group से जुड़े लोगों ने कथित भ्रष्टाचार की जानकारी छिपाकर लोन और बॉन्ड ऑफरिंग के जरिए 3 अरब डॉलर से ज्यादा की फंडिंग जुटाई।
अगर अमेरिकी न्याय विभाग केस वापस लेता है, तो इसे Adani Group और गौतम अडाणी के लिए बड़ी कानूनी और कारोबारी राहत माना जाएगा।
खबरें और भी हैं...