अपना राज्य चुनें
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के संकेत, RBI गवर्नर ने जताई चिंता
बिज़नेस 4 5 hours ago

देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री के बाद अब भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने भी संकेत दिए हैं कि अगर मिडिल ईस्ट में तनाव लंबे समय तक बना रहता है, तो आने वाले दिनों में देशवासियों को महंगे पेट्रोल-डीजल का सामना करना पड़ सकता है।

दरअसल, अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब वैश्विक कच्चे तेल बाजार पर दिखाई देने लगा है। खासतौर पर होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते संकट ने सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ा दिया है। यह समुद्री रास्ता दुनिया की कुल तेल सप्लाई का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा संभालता है। ऐसे में यहां किसी भी तरह की रुकावट का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ रहा है।

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता देश है और अपनी जरूरत का अधिकांश कच्चा तेल आयात करता है। यही कारण है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें भारत के लिए चिंता का विषय बन गई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकारी तेल कंपनियों को हर दिन लगभग 1600 से 1700 करोड़ रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है।

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने एक अंतरराष्ट्रीय समिट में कहा कि अगर मिडिल ईस्ट का संकट लंबे समय तक जारी रहता है, तो सरकार और तेल कंपनियों के लिए लंबे समय तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों को स्थिर रखना मुश्किल हो जाएगा। ऐसे में आने वाले समय में आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

इसी बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी देशवासियों से ईंधन की बचत करने और पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करने की अपील की है। दूसरी ओर सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर और जेट फ्यूल की कीमतों में पहले ही बढ़ोतरी कर दी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी?

Tags: Petrol Diesel Price Hike, RBI Governor, Sanjay Malhotra, Crude Oil Price, Fuel Price Hike, Petrol Price, Diesel Price, India Oil Crisis, Hormuz Strait, Middle East Crisis, Inflation, Oil Companies, Narendra Modi, Global Oil Market, Energy Crisis, India News, Business News, Fuel News

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...