इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के ग्राम बरदरी में निर्माणाधीन इमारत में काम करने के दौरान 14 वर्षीय बाल मजदूर जयेश डावर की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद देवास निवासी ठेकेदार दानिश खान के खिलाफ केस दर्ज किया है। शुरुआती जांच में निर्माण स्थल पर खुले बिजली के तार और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की बात सामने आई है।
खुले बिजली के तार की चपेट में आया बालक
पुलिस के अनुसार, हादसा 4 जुलाई की शाम करीब 6 बजे हुआ था। अलीराजपुर जिले के जोबट निवासी जयेश पुत्र ज्ञानसिंह डावर ग्राम बरदरी स्थित निर्माण स्थल पर काम कर रहा था। इसी दौरान पानी की टंकी के पास फैले खुले बिजली के तार की चपेट में आने से उसे करंट लग गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद साथी मजदूर और परिजन जयेश को इलाज के लिए अरविंदो अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव का एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।
परिवार के सामने हुआ दर्दनाक हादसा
बताया गया है कि जयेश का परिवार मजदूरी के लिए इंदौर आया था। हादसे के समय उसके माता-पिता और भाई भी उसी निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
खुले तारों की शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
मामले में सामने आया है कि निर्माण स्थल पर बने अस्थायी कार्यालय के पास बिजली के तार खुले पड़े थे। वहां काम करने वाले मजदूरों ने कथित तौर पर ठेकेदार और संबंधित जिम्मेदार लोगों को इनके बारे में बताया था। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया।
पुलिस ने जांच के आधार पर ठेकेदार दानिश खान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। यह घटना निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों के पालन और बाल श्रम रोकने की जरूरत को एक बार फिर सामने लाती है।
खबरें और भी हैं...