पूर्व भारतीय दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी एलिट टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए तहलका मचा दिया। दिल्ली अंडर-19 टीम की कप्तानी कर रहे 18 वर्षीय आर्यवीर ने चंडीगढ़ के खिलाफ 143 गेंदों में 173 रनों की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 19 चौके और 8 छक्के शामिल रहे।
आर्यवीर ने खेली कप्तानी पारी
चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबले में आर्यवीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने अर्नव बग्गा के साथ पहले विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की। बग्गा 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दिल्ली की टीम ने 81 रनों के भीतर चार विकेट गंवा दिए और स्कोर 179/4 हो गया।
ऐसे मुश्किल समय में आर्यवीर ने शांतनु यादव के साथ पांचवें विकेट के लिए 89 रनों की अहम साझेदारी की। आर्यवीर 46वें ओवर में 173 रन बनाकर आउट हुए। उनकी शानदार पारी की बदौलत दिल्ली ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 289 रन बनाए।
चंडीगढ़ के रुपेश यादव का जवाबी शतक
289 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंडीगढ़ की टीम की ओर से रुपेश यादव ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने मीत दहिया के साथ पहले विकेट के लिए 175 रनों की बड़ी साझेदारी की। दहिया ने 69 गेंदों में 63 रन बनाए।
खबर लिखे जाने तक रुपेश यादव 98 गेंदों में 136 रन बनाकर खेल रहे थे। उनकी पारी में 18 चौके और 5 छक्के शामिल थे। चंडीगढ़ ने 33 ओवर में 4 विकेट पर 231 रन बना लिए थे। टीम को जीत के लिए 17 ओवर में 59 रनों की जरूरत थी।
दिल्ली को जीत दिलाने की चुनौती
आर्यवीर की 173 रनों की पारी ने दिल्ली को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन रुपेश यादव की आक्रामक बल्लेबाजी ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया। अब दिल्ली के गेंदबाजों के सामने चंडीगढ़ को लक्ष्य तक पहुंचने से रोकने की चुनौती थी।
खबरें और भी हैं...