ऑस्ट्रेलिया ए ने दूसरे अनौपचारिक वनडे मुकाबले में भारत ए को 69 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इस जीत में सलामी बल्लेबाज सैम कॉन्स्टास और विकेटकीपर जोश फिलिप की अर्धशतकीय पारियों ने अहम भूमिका निभाई। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ए ने पहला मुकाबला 125 रन से जीता था।
ऑस्ट्रेलिया ए ने बनाए 275 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ए की टीम 49.5 ओवर में 275 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सैम कॉन्स्टास और जोश फिलिप ने दूसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी की। फिलिप ने 58 रन बनाए, जबकि कॉन्स्टास ने 88 गेंदों में 67 रन की पारी खेली।
मिचेल ओवेन ने 25 रन बनाए। कप्तान नाथन मैकस्वीनी 32 रन बनाकर रन आउट हुए। भारत ए की ओर से अरशद खान ने तीन विकेट लिए, जबकि यश ठाकुर को दो सफलताएं मिलीं। विप्रज निगम, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे और अनुकूल रॉय ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ए 206 रन पर सिमटा
276 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए की टीम 46वें ओवर में 206 रन पर ऑलआउट हो गई। रजत पाटीदार ने सबसे ज्यादा 67 रन बनाए। उन्होंने 81 गेंदों का सामना किया और भारतीय पारी को संभालने की कोशिश की।
अनुकूल रॉय 34 रन बनाकर नाबाद रहे। विप्रज निगम ने 23 रन बनाए, जबकि निशांत सिंधु और साई सुदर्शन ने 13-13 रन का योगदान दिया। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 12 रन बनाकर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया ए की ओर से स्पेंसर जॉनसन ने तीन विकेट लिए, जबकि राइली मेरेडिथ और तनवीर संघा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
आखिरी मुकाबला रविवार को
दूसरे वनडे में जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ए ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। भारत ए की टीम इस मैच में जीत दर्ज करके सीरीज का समापन बेहतर प्रदर्शन के साथ करना चाहेगी।
खबरें और भी हैं...