मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुबई में चार दिवसीय निवेश और कारोबारी संपर्क अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश के One District One Product (ODOP) और Geographical Indication (GI) उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। राज्य सरकार का लक्ष्य UAE और अरब देशों से निवेश आकर्षित करने के साथ वैश्विक औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करना है।
दुबई दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री ने UAE में भारतीय समुदाय से मुलाकात की। उन्होंने UAE में भारत के राजदूत दीपक मित्तल, दुबई एवं उत्तरी अमीरात में भारत के कॉन्सुल जनरल ई. विष्णु वर्धन रेड्डी और अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यमाही से भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में खनन, सेवा क्षेत्र, भारी उद्योग, MSME और हॉस्पिटैलिटी समेत कई क्षेत्रों में निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं। इसके अलावा फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, AI, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों पर भी राज्य का फोकस है।
दुबई में दिखी मध्य प्रदेश की कला और विरासत
ताज दुबई, बिजनेस बे में आयोजित प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश के छह प्रमुख ODOP और GI उत्पाद प्रदर्शित किए गए। इनमें बैतूल की बेल मेटल क्राफ्ट, अशोकनगर की चंदेरी साड़ी, खरगोन के महेश्वर की महेश्वरी साड़ी, उज्जैन की बाटिक क्राफ्ट, भोपाल की जरी-जरदोजी और ग्वालियर के कालीन शामिल हैं। इन उत्पादों को वैश्विक खरीदारों तक पहुंचाने और कारीगरों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा करने पर जोर दिया जा रहा है।
UAE और अरब देशों के साथ आर्थिक साझेदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने UAE से निवेश आकर्षित करने के लिए औद्योगिक भूमि, कनेक्टिविटी, लॉजिस्टिक्स सुविधाओं, निवेश-अनुकूल नीतियों और औद्योगिक ढांचे को प्रमुख ताकत के तौर पर पेश किया। उन्होंने UAE के निवेश फंड, बड़े कारोबारी समूहों और संस्थागत निवेशकों से संपर्क बढ़ाने में भारतीय मिशन का सहयोग भी मांगा। साथ ही राजदूत और कॉन्सुल जनरल को Global Investors Summit 2027 में शामिल होने का न्योता दिया।
मुख्यमंत्री ने अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यमाही के साथ भी मुलाकात की। बातचीत में मध्य प्रदेश और अरब देशों के बीच व्यापार, निवेश, कृषि, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने अरब कारोबारी प्रतिनिधिमंडल को मध्य प्रदेश आने और Global Investors Summit 2027 में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
खबरें और भी हैं...