अपना राज्य चुनें
CM मोहन यादव से मिले ‘हनुमान अंश’ के गायक सुनील लोधी, 1 लाख की सम्मान निधि का ऐलान
मध्यप्रदेश 37 1 week ago

फिल्म हनुमान अंश के बुंदेली गीत से चर्चा में आए सागर जिले के युवा गायक सुनील लोधी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील की गायकी से प्रभावित मुख्यमंत्री ने उन्हें 1 लाख रुपये की सम्मान निधि देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सुनील की आंखों की रोशनी के उपचार के लिए आवश्यक सहयोग देने और उन्हें संगीत की औपचारिक शिक्षा दिलाने में मदद का भरोसा भी दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।

बुंदेली गीत ने दिलाई पहचान

सुनील लोधी ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म हनुमान अंश के लिए बुंदेली भाषा में गीत गाया है। उनका गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर तेजी से लोकप्रिय हुआ है।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सुनील ने तंबूरा बजाकर यह गीत भी सुनाया। उनकी प्रस्तुति से प्रभावित मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिभा की सराहना की।

संगीत शिक्षा में भी सरकार करेगी मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनील में बचपन से ही गायन के प्रति रुचि और प्रतिभा रही है। उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए सरकार उन्हें संगीत विद्यालय से औपचारिक संगीत शिक्षा दिलाने में सहयोग करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच देने के लिए टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री के आग्रह पर सुनाया कृष्ण भजन

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के आग्रह पर सुनील लोधी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़ा भजन ‘जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई’ भी सुनाया। मुख्यमंत्री ने उनकी प्रस्तुति की सराहना की।

इस अवसर पर सुनील के पिता महेंद्र सिंह लोधी, मां भाग बाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, बुंदेली टीवी चैनल के सचिन चौधरी और सुनील के मित्र मौजूद रहे।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...