यूक्रेन ने रविवार 16 अगस्त को रूस पर अब तक के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक को अंजाम दिया। रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया। हमलों में कम से कम 6 लोगों की मौत की खबर है।
मॉस्को क्षेत्र के पोडोलस्क में रूस के प्रमुख ऑनलाइन रिटेलर Wildberries के एक गोदाम को भी निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। हमले के बाद इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया। अधिकारियों के मुताबिक, पोडोलस्क में कई लोग घायल हुए हैं।
वहीं बेलगोरोद के पास एक बस पर ड्रोन हमले में भी एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। यूक्रेन ने रूस के रोस्तोव क्षेत्र में मिसाइल ईंधन से जुड़ी एक सुविधा को निशाना बनाने का दावा किया है।
दूसरी ओर, रूस ने भी यूक्रेन पर रातभर कई हवाई हमले किए। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, एक स्टील प्लांट में हमले के कारण दो लोगों की मौत हुई और 14 लोग घायल हुए। कीव में रूसी मिसाइल हमलों के बाद दो जिलों में आग लगने की भी खबर है।
रूस और यूक्रेन के बीच हाल के दिनों में ड्रोन और मिसाइल हमले लगातार तेज हुए हैं, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।
खबरें और भी हैं...