संसद का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है और यह 13 अगस्त तक चलेगा। 25 दिनों तक चलने वाले इस सत्र में कुल 19 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सरकार इस दौरान कई महत्वपूर्ण विधेयकों को चर्चा और पारित कराने के लिए सदन में पेश करेगी।
आज लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 पेश किया जाएगा, जबकि राज्यसभा में राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026 पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, आयकर (संशोधन) विधेयक और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विकास संशोधन विधेयक, 2026 सहित कई अहम बिलों पर भी विचार किया जाएगा।
मानसून सत्र से पहले रविवार को संसद भवन में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। बैठक में 40 राजनीतिक दलों के 50 से अधिक नेताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी राजनीतिक दलों से संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा करने की अपील की।
वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी सदस्यों से सार्थक चर्चा, सक्रिय भागीदारी और संसदीय परंपराओं का पालन करने पर जोर दिया।
खबरें और भी हैं...