भारतीय सिनेमा की सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों में शुमार ‘लगान’ अपनी रिलीज के 25 साल पूरे होने के मौके पर एक बार फिर सिनेमाघरों में लौटने जा रही है। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह सुपरहिट फिल्म 12, 13 और 14 जून को देशभर के चुनिंदा सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज की जाएगी।
फिल्म की री-रिलीज से पहले निर्माताओं ने एक खास ट्रेलर जारी किया है, जिसने दर्शकों की पुरानी यादों को ताजा कर दिया है। ट्रेलर में फिल्म के यादगार दृश्य, दमदार कहानी, शानदार संगीत और भावनात्मक पलों को फिर से जीवंत किया गया है। इससे दर्शकों में फिल्म को बड़े पर्दे पर दोबारा देखने का उत्साह बढ़ गया है।
साल 2001 में रिलीज हुई ‘लगान: वन्स अपॉन अ टाइम इन इंडिया’ का निर्देशन आशुतोष गोवारिकर ने किया था। फिल्म में आमिर खान, ग्रेसी सिंह, रेचल शेली, पॉल ब्लैकथॉर्न, रघुबीर यादव, कुलभूषण खरबंदा, सुहासिनी मुले, राजेंद्र गुप्ता, यशपाल शर्मा, प्रदीप रावत और ए.के. हंगल समेत कई कलाकारों ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं।
फिल्म की कहानी वर्ष 1893 के ब्रिटिश शासनकाल पर आधारित है। कहानी मध्य भारत के एक गांव के लोगों के संघर्ष को दिखाती है, जो भारी लगान और सूखे की मार झेल रहे होते हैं। ऐसे में एक ब्रिटिश अधिकारी गांव वालों को क्रिकेट मैच की चुनौती देता है। जीतने पर लगान माफ करने का वादा किया जाता है। इसके बाद गांव वाले एक ऐसे खेल को सीखते हैं जिससे वे पूरी तरह अनजान होते हैं और इतिहास रचते हैं।
‘लगान’ भारतीय सिनेमा की उन चुनिंदा फिल्मों में शामिल है जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बड़ी पहचान मिली। यह ऑस्कर अवॉर्ड्स में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म श्रेणी के लिए नामांकित होने वाली तीसरी भारतीय फिल्म बनी थी। इसके अलावा फिल्म ने 49वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ‘बेस्ट पॉपुलर फिल्म’ सहित कुल आठ राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए थे।
25 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट रही ‘लगान’ दर्शकों को देशभक्ति, संघर्ष, दोस्ती और जीत की उसी यादगार यात्रा पर ले जाने के लिए तैयार है।
खबरें और भी हैं...