अपना राज्य चुनें
टिम डेविड का तूफान, RCB ने CSK को 43 रन से हराया; प्लेयर ऑफ द मैच बने डेविड
ताजा खबरें 12 2 weeks ago

आईपीएल 2026 के साउदर्न डर्बी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले के हीरो रहे टिम डेविड, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

डेविड का धमाका

टिम डेविड ने सिर्फ 25 गेंदों पर नाबाद 70 रन ठोक दिए, जिसमें 8 छक्के शामिल थे। उन्होंने आखिरी ओवरों में तूफानी बल्लेबाज़ी करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

डेविड जब क्रीज पर आए, तब टीम का स्कोर 15वें ओवर में 3 विकेट पर 151 रन था। शुरुआत में उन्होंने धीमी पारी खेली, लेकिन आखिरी 4 ओवरों में विस्फोटक अंदाज में रन बरसाए।

उन्होंने नूर अहमद के ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े, फिर जेमी ओवर्टन के एक ओवर में 4 छक्के लगाकर 30 रन बटोरे। डेविड ने सिर्फ 21 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की।

पाटीदार के साथ रिकॉर्ड साझेदारी

कप्तान रजत पाटीदार ने भी शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 19 गेंदों पर नाबाद 48 रन बनाए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 99 रनों की साझेदारी हुई।

इसके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 29 गेंदों पर 50 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी।

RCB ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 250 रन बनाए, जो टीम का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है।

CSK की खराब शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम 5 विकेट पर 84 रन तक सिमट गई।

हालांकि सरफराज खान ने 25 गेंदों में 50 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

आखिरकार CSK की पूरी टीम 207 रन पर ऑलआउट हो गई।

पॉइंट्स टेबल पर असर

इस जीत के साथ RCB लगातार दूसरी जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। वहीं CSK की यह लगातार तीसरी हार रही और टीम आखिरी स्थान पर खिसक गई है।


अन्य मुकाबले में क्या हुआ?

दूसरे मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से हराया।

कप्तान ऋषभ पंत ने 50 गेंदों पर नाबाद 68 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई, जबकि एडेन मार्करम ने 45 रनों का योगदान दिया।

अन्य खबरें खबरें और भी हैं...