IPL 2026 के 20वें मुकाबले में वानखेड़े स्टेडियम पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। हाई स्कोरिंग मैच में दोनों टीमों के बल्लेबाजों ने जमकर रन बरसाए।
टॉस जीतकर मुंबई इंडियंस ने पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन RCB के बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत की। विराट कोहली और फिल साल्ट ने पावरप्ले में तेज रन बनाते हुए टीम को मजबूत आधार दिया। दोनों ने पहले 6 ओवर में 71 रन जोड़ दिए।
फिल साल्ट ने 36 गेंदों में 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि विराट कोहली ने 38 गेंदों में 50 रन बनाए। इसके बाद रजत पाटीदार ने सिर्फ 20 गेंदों में 53 रन ठोककर स्कोर को 240 तक पहुंचा दिया। RCB ने 4 विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए।
241 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी रही। रोहित शर्मा और रिकेल्टन ने 72 रनों की साझेदारी की, लेकिन इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे।
सूर्यकुमार यादव ने 33 रन बनाए, जबकि हार्दिक पंड्या ने 22 गेंदों में 40 रनों की तेज पारी खेली। अंत में रदरफोर्ड ने 31 गेंदों में 71 रनों की नाबाद पारी खेलकर मैच को रोमांचक बनाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
मुंबई इंडियंस 5 विकेट पर 222 रन ही बना सकी और RCB ने 18 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
खबरें और भी हैं...